बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग दौड़ रही बाइकें
अमर उजाला ब्यूूरो
शामली। सड़क सुरक्षा सप्ताह चल रहा है, लेकिन उसका असर कहीं नहीं दिख रहा है। इसके चलते शहर में बाइकों पर बिना हेलमेट के ट्रिपल राइडिंग खुलेआम दौड़ रही हैं। उन्हें रोकने और पकड़ने वाला कोई नहीं है।
शासन के निर्देश पर संभागीय परिवहन विभाग द्वारा सोमवार से सड़क सुरक्षा सप्ताह चलाया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से लोगों को जागरूक करना इस सप्ताह का उद्देश्य बताया जा रहा है, लेकिन यह अभियान सिर्फ खानापूर्ति करने तक ही सीमित होता नजर आ रहा है। सड़कों पर खुलेआम बाइकों पर तीन सवारियां दौड़ रही है, वह भी बिना हेलमेट के। इन्हें रोकने-टोकने वाला दूर-दूर तक नजर नहीं आता। मंगलवार को शहर के बुढ़ाना रोड पर बाइकों पर तीन सवारी फर्राटे भरती हुई दौड़ती नजर आई। अजंता चौक पर पुलिस के सामने ही बिना हेलमेट के बाइकें दौड़ती रही। हनुमान रोड पर भी यहीं हाल नजर आया। इस संबंध में एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। यातायात नियमों का पालन करने से ही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
50 दुपहिया वाहनों के चालान, 33 हजार जुर्माना वसूला
शामली। शासन के निर्देश पर संभागीय परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को एआरटीओ ने पुलिस के सहयोग से बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाले करीब 50 वाहनों के चालान किए और 33,300 रुपये जुर्माना वसूल किया।
एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत दूसरे दिन कैराना रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी पर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के चालान किए गए। उन्होंने बताया कि दुपहिया वाहन पर बिना हेलमेट के एक सवारी पर 500 रुपये, दो सवारी मिलने पर 1000 रुपये जुर्माना वसूला गया। दुपहिया वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते हुए पकड़े जाने पर एक चालान कर 500 रुपये, ओवर स्पीड दुपहिया वाहन चलाने पर दो हजार रुपये, 16 चार पहिया वाहनों के बिना सीट बेल्ट के चलाने पर 500 रुपये के हिसाब से जुर्माना वसूल किया गया। एआरटीओ ने बताया कि करीब 50 वाहनों के चालान कर उनसे 33,300 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।