शामली में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतरे
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। ट्रैक बदलते समय रेलवे स्टेशन और धीमानपुरा फाटक के बीच मालगाड़ी के दो डिब्बे और गार्ड का केबिन (ब्रेक वाहन) पटरी से तेज धमाके के साथ उतर गए। इस दौरान डिब्बे ट्रैक को तोड़ते हुए एक तरफ को झुक गए। इस दौरान मालगाड़ी पलटने से बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और पटरी से उतरे डिब्बे मालगाड़ी से अलग कर ट्रैक को खाली किया। इस दौरान करीब घंटा ट्रैक बाधित रहा।
मंगलवार रात करीब 8.40 बजे कांधला से चलकर मालगाड़ी शामली स्टेशन पर पहुंची। मालगाड़ी में पत्थर लदा हुआ था। रात में मालगाड़ी शामली स्टेशन पर खड़ी की जानी थी। ट्रेनों का संचालन जारी रखने के लिए मालगाड़ी को पांच नंबर ट्रैक से छह नंबर ट्रैक पर खड़ी करने के लिए पहले धीमानपुरा फाटक से आगे तक ले जाया गया। इसके बाद मालगाड़ी को वापस स्टेशन की तरफ ले जाया जा रहा था। धीमानपुरा फाटक और स्टेशन के बीच मालगाड़ी के सबसे पीछे के दो डिब्बे तेज धमाके के साथ पटरी से उतर गए। साथ ही सबसे पीछे वाला गार्ड का केबिन (ब्रेक वाहन)भी रेलवे ट्रैक से उतर गया। मालगाड़ी के दोनों डिब्बे रेलवे ट्रैक को तोड़ते हुए एक तरफ को झुक गए। इस दौरान दोनों डिब्बे पलटने से बाल-बाल बचने से बड़ा हादसा होने से बच गया। डिब्बों के ट्रैक से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मालगाड़ी और रेलवे ट्रैक की जांच की। जांच के बाद आगे का ट्रैक सही मिलने पर क्षतिग्रस्त हुए पटरी से उतरे डिब्बों को अलग करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त डिब्बों के साथ उससे जुड़ा एक और डिब्बा यानि तीन डिब्बों को अलग कर मालगाड़ी को अलग कर दिया और दूसरे ट्रैक पर ले जाकर खड़ी कर दी गई। इसके बाद करीब एक घंटे बाद ट्रैक क्लीयर कर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया।