सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो खैर नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। मतगणना के दौरान और बाद में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने की कोशिश की तो पुलिस दबोचने में ज्यादा देर नहीं लगाएगी। इसके लिए साइबर एक्सपर्ट 11 पुलिसकर्मियों की खास टीम को लगाया गया है।
दरअसल मतगणना से पहले ईवीएम खराब होने के अलावा कई अन्य अफवाहें सोशल मीडिया पर कुछ जिलों में फैलाई गई हैं। बृहस्पतिवार को मतगणना है। लिहाजा यहां भी कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी के चलते जिला पुलिस ने ये कदम उठाया है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि मतदान के दिन या बाद में यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर कोई भी बेबुनियाद बातें करेगा या अफवाहें फैलाएगा उससे पुलिस सख्ती से निपटेगी।
इसके लिए सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए साइबर सेल के अलावा आईटी एक्सपर्ट पुलिस कर्मियों की 11 सदस्यीय एक टीम बनाई गई है। जो जिले में चल रहे विभिन्न व्हाटस एप ग्रुप के अलावा अन्य सोशल साइटों पर भी नजर रखेगी। पुलिस ने अपने मुखबिरों को भी इसमें लगाया गया। सभी थानाध्यक्षों से कहा गया है कि वे अपना सूचना तंत्र मजबूत रखें। यदि चुनाव परिणाम के बाद कहीं से भी कोई सूचना आती है तो वहां तुरंत मौके पर जाकर सच्चाई का पता लगाने को कहा गया है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि यदि किसी भी व्यक्ति ने अफवाह फैलाई या माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विजयी जुलूस निकालने पर पाबंदी
एसपी ने कहा कि मतगणना के बाद विजयी जुलूस नहीं निकलेगा। रिजल्ट के बाद प्रत्याशियों को पुलिस पहरे में घर छोड़ा जाएगा। उन्होंने समर्थकों से अपील की है कि वे हार या जीत पर किसी भी तरह की कमेंटबाजी ना करे। सोशल मीडिया पर भी कोई बयानबाजी या ऐसी चीजें ना डालें जिससे माहौल खराब हो। जुलूस निकालने की कोशिश भी ना करें।
बंद रहेगी सब्जी, गुड़ मंडी, रूट डायवर्जन भी रहेगा
शहर के माजरा रोड स्थित नवीन मंडी स्थल परिसर में मतगणना के चलते यहां लगने वाली सब्जी मंडी ,गुड़ और शक्कर मंडी में बृहस्पतिवार को काम नहीं होगा। यहां मंडी नहीं लगेेेगी और अवकाश रहेगा। यातायात निरीक्षक भंवर सिंह के अनुसार मतगणना के कारण सुबह पांच बजे से शहर की ओर से भैंसवाल और गढ़ीपुख्ता जाने वाले वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। ये वाहन गुरुद्वारा तिराहे से विजय चौक से नहर पटरी होकर निकाले जाएंगे। इसी तरह भैंसवाल -गढ़ीपुख्ता की ओर आने वाले सभी वाहनों को मंडी स्थल से पहले नहर पटरी से निकाला जाएगा।