बुजुर्ग ने नहीं हारी हिम्मत, भांजी को दिलवाई परीक्षा
शामली। शामली में बिजनौर जनपद के अभ्यर्थियों की पुलिस भर्ती परीक्षा चल रही है। रास्ते में दुर्घटना में पूरी तरह घायल होने के बाद भी एक बुजुर्ग आदमी भांजी की परीक्षा दिलवाने से पीछे नहीं हटा। वह घायलावस्था में ही बाइक चलाकर शामली के सरतीदेवी परीक्षा केंद्र पर पहुंचा और समय रहते परीक्षा केंद्र पर भांजी का प्रवेश कराया।
बिजनौर के गांव देवल निवासी युवती सोनिया की शामली के सरतीदेवी राजाराम पब्लिक स्कूल में द्वितीय पाली में पुलिस भर्ती की परीक्षा थी। दिल्ली से आए उनके मामा जीएस गोसाई (55) उन्हें गांव से बाइक से लेकर शामली आ रहे थे। वह बिजनौर से बाहर बैराज पुल के पास सड़क निर्माण कार्य के चलते रोड़ी पड़ी हुई थी। परीक्षा की जल्दी में उनकी बाइक रोड़ी पर फिसल गई। इस कारण उनके हाथ, पैर और कंधा पूरी तरह घायल हो गए और कपड़े भी फट गए। इसके बाद उन्हें राहगीरों ने पास के निजी अस्पताल में उपचार दिलाया। जीएस गोसाई ने बताया कि घायल होने के बाद भांजी परीक्षा छूटने को लेकर काफी चिंतित हुई। उपचार में करीब डेढ़ घंटा लग गया। यह घटना सुबह 9.30 पर हुई। उन्हें बिजनौर के पास ही 12 बज गए। इसके बाद उन्होंने भांजी को परेशान देख घायल अवस्था में ही हिम्मत न हारकर बाइक उठाई और धीरे-धीरे दो बजे शामली परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने पर भांजी सोनिया काफी खुश नजर आई।