केंद्र सरकार का गुणगान किया
शामली। कैराना लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के पक्ष में बुधवार को गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने गांव पिंडौरा सहित कई गांवों में पहुंचकर सभा कीं। उन्होंने कहा कि केेंद्र और प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के हित में कार्य किया, जिससे जनता में भाजपा के प्रति भरोसा कायम हुआ है। राज्यमंत्री सुरेश राणा ने बताया कि विपक्षी दल गन्ना मूल्य भुगतान पर बेबुनियाद आरोप लगाते हैं, जबकि प्रदेश सरकार ने मौजूदा पेराई सत्र में बीते पेराई सत्र से दोगुना तक भुगतान कर दिया है। वहीं, बीते एक सप्ताह के दौरान ही शामली जिले की तीन चीनी मिलों ने 108 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
उधर, कांधला क्षेत्र के गांव कनियान में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह, विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने नुक्कड़ सभा की। उसमें ग्रामीणों ने भाजपा नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने भाजपा की नीतियों का गुणगान किया। वहीं, बुधवार शाम को शामली में भैंसवाल रोड स्थित अग्रवाल कालोनी में सतेंद्र खैवाल के आवास पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में बैठक हुई। उसमें गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा, विधायक सूरजभान, जिला पंचायत अध्यक्ष पति प्रसन्न चौधरी, डाक्टर प्रताप और सुभाष चौधरी आदि मौजूद रहे। उधर, भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय सहसंयोजक पंडित सुनील भराला और शाहजहांपुर से आए भाजपा नेता मनोज कश्यप ने गांव तितरवाडा सहित आसपास के कई गांवों में सभा कीं। इस दौरान बिल्लू चौहान, निर्मल सिंह सहित काफी लोग मौजूद रहे।