धर्मस्थलों पर बजने वाले लाउड स्पीकर के संबंध में प्रदेश सरकार की सख्ती के बाद जिला पुलिस-प्रशासन भी सख्त हो गया है। पुलिस द्वारा ऐसे धर्मस्थलों जहां पर बिना अनुमति के लाउडस्पीकर बज रहे हैं इनकी जानकारी जुटानी शुरू कर दी गई है। एसपी द्वारा जिले के सभी थानाध्यक्षों को इस संबंध में आवश्यक-दिशा निर्देेश जारी किए गए हैं।
शासन से लाउडस्पीकर पर कार्रवाई की गाइडलाइन मिलने पर जिला पुलिस भी सक्रिय हो गई है। एसपी शामली द्वारा जिले के सभी थानाध्यक्षों को आदेेश जारी किए गए है कि किस थानाक्षेत्र में कितने-कितने धर्मस्थल हैं इनका चिन्हीकरण किया जाए। इसके साथ ही यह भी पता किया जाए कि इन स्थानों पर बजने वाले लाउडस्पीकर की अनुमति प्रशासन द्वारा की गई है या नहीं। इसके बाद बिना अनुमति के लाउडस्पीकर बजाने पर दूसरे चरण में 15-20 जनवरी तक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जिले के सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थानक्षेत्र में धार्मिक स्थलों का चिन्हीकरण शुरू कर दिया है। एसपी ने इस कार्य में किसी प्रकार भी लापरवाही पर संबंधित थानाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी है। उधर, एसपी डा. अजयपाल शर्मा ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को इस संबंध में गाइडलाइन जारी कर दी गई है तथा धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति बजने वाले लाउडस्पीकरों को चिन्हीकरण उतरवाया जाएगा।