जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए। ताकि समाज के आखिरी व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
बुधवार को वीवी इंटर कॉलेज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी लगाई गई। जिलाधिकारी ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, पशुपालन, माध्यमिक एवं बेसिक, अल्पसंख्यक, समाज कल्याण आदि विभागों ने जो स्टॉल लगाए हैं, उनके माध्यम से आम जनता को शासन की नीति और लाभकारी योजना की जानकारी आसानी से मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अपने जीवन के प्रारंभिक वर्षों से ही समाज की सेवा के प्रति अत्यधिक समर्पित थे, इसलिए हम लोगों को भी पंडित दीनदयाल से प्रेरणा लेते हुए गरीबों की सेवा करने हेतु आगे आना चाहिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक एसएम सिद्दीकी, राजन बत्रा, शशि अरोड़ा, सुखचैन वालिया, पुनीत द्विवेदी, एसके आर्य प्रधानाचार्य, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी राजेश कुमार, बीएसए चंद्रशेखर, विशेष सरोहा, आशु नामदेव और नीरज गोयल आदि उपस्थित रहे।