त्योहार पर लोगों में नए सामान खरीदने की उत्सुकता होती है, तो बाजार भी अच्छा कारोबार करने को सज गए हैं। बाजार में उत्पादों पर अलग-अलग ऑफर आ गए हैं। तरह-तरह के उपहार के जरिये ग्राहकों को लुभाने की तैयारी है। कहीं उपकार में सोने का सिक्का, तो कहीं पर मोबाइल में प्रयोग होने वाला पावर बैंक दिया जा रहा है।
त्योहारी सीजन के लिए ही इलेक्ट्रानिक से लेकर ऑटो मोबाइल, ज्वेलरी, रेडीमेट गारमेंट्स और बर्तन की दुकानें सजी हुई हैं। व्यापारियों ने दुकानों में माल का स्टॉक कर लिया है। व्यापारियों का कहना है कि काफी समय से व्यापार ढीला चल रहा है। पहले तो नोटबंदी, उसके बाद ऑटोमोबाइल में बीएस 4 इंजन आने और फिर जीएसटी का झटका लगने पर व्यापार चौपट कर दिया है। पूरा साल बीत गया कुछ न कुछ समस्या आ रही है। अब इस माह त्योहार के सीजन से काफी उम्मीदें लगा रखी हैं।
न्यू दुर्गा ज्वेलर्स से मोहित ने बताया कि अब तक कारोबार ढीला चल रहा था। त्योहार शुरू हो गए हैं, अब सभी त्योहार पर बिछुए, पायल, शाव के बच्चे, सोने चांदी के सिक्के, मूर्तियां आदि की खरीदारी होगी, जिसके लिए स्टॉक पूरा कर लिया गया है। आशा ऑटोमोबाइल्स हीरो बाइक शोरूम के मैनेजर तुषार ने बताया कि नवरात्रों में कंपनी की तरफ से 21 से 30 अक्तूबर तक हीरो के सभी स्कूटरों पर 3000 हजार की छूट या फिर 75 ग्राम चांदी का सिक्का उपहार में दिया जा रहा है। दिल्ली रोड स्थित यामाहा बाइक शोरूम पर महिपाल चौहान ने बताया कि कंपनी ने कोई भी वाहन खरीदने पर एक स्क्रेच कार्ड के जरिये सोने का सिक्का, एलइडी, लैपटॉप, स्मार्टफोन सहित 10 आइटम निकलने का ऑफर दिया है। टीवीएस शोरूम संचालक ने बताया कि फिलहाल कंपनी ने कोई ऑफर नहीं दिया है। जल्द ही कोई न कोई ऑफर आ जाएगा।
उधर, शहर के सोनी इलेक्ट्रानिक्स शोरुम के संचालक रोहित ने बताया कि त्योहार पर सभी उत्पाद पर अलग अलग गिफ्ट दिया जा रहा है। जिसमें हेड फोन, स्पीकर, पावर बैंक, पैनड्राईव आदि के ऑफर ग्राहकों को दिए जा रहे हैं। बंसल गारमेंटस के मालिक विपुल बंसल ने बताया कि त्योहारों पर सभी ग्राहकों को पहले से अधिक डिस्काउंट पर कपड़े दिए जाएंगे। स्टॉक पूरा कर लिया गया है। त्योहारों से पूरी उम्मीद है कि अब तक व्यापार में चल रही गिरावट अब दूर हो जाएगी।