ऊन ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए 75 बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) लामबंद हो गए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को शपथपत्र सौंपकर ब्लाक प्रमुख पर कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने और पद का दुरुपयोग करने के कारण अविश्वास प्रस्ताव पारित कराने की मांग की है।
बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामजीलाल कश्यप के नेतृत्व में ऊन क्षेत्र पंचायत के सदस्यों ने डीएम से उनके कार्यालय में पहुंचकर शपथपत्र और ज्ञापन सौंपा। जिसमें 75 बीडीसी के हस्ताक्षर किए गए हैं। कहा कि ब्लाक प्रमुख मेमकला निर्वाचित होने के बाद से अब तक खुली बैठक नहीं कर पाई तथा ब्लाक क्षेत्र के समुचित विकास कार्य नहीं कराए। जब उनसे इस बारे में बात की जाती है, तो अभद्रता करती हैं। आरोप है कि वह अपने पद का सही तरह से निर्वाह नहीं कर रही है। इसलिए उनका इस पद पर बने रहना जनहित में उचित नहीं है। ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास कर उन्हें पद से हटाया जाए।
ज्ञापन में आसिफ खान, इस्लाम, विक्की, रूमा, संजय, कुर्बान, रहीस, पूजा, दिलशाद, बिजेंद्र, रेखा, प्रेम, अनू, फजलुरहमान, जगदीश, जयपाल, अखलाक, शहनाज, हसन मोहम्मद, शफात, सेठपाल, बबली, सजीला, मुस्तकीम, शहजाद, नरेश, ओमबीरी, शीला, संतोष अनीता, सीमा, फुरकान, बल सिंह, जयवीर सिंह, प्रवीन, ताराचंद, कदम सिंह आदि के हस्ताक्षर शामिल हैं।