पुलिस मुठभेड़ में घायल इनामी रईस।पुलिस
शामली। लिसाढ़ गांव के पास शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में लूट गिरोह का 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश, पानीपत की राजीव कॉलोनी निवासी रईस पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फारुख मौके से भाग गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों ने महिला, युवक से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि कोतवाली पुलिस शनिवार को वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आईटीआई कॉलेज से ग्राम लिसाढ़ जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक दौड़ा दी। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रईस पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी पानीपत के कलंदर शाह मोहल्ले का फारुख मौके से भाग गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 1 मार्च को लिसाढ़ गांव के पास अरविंद और एक महिला से कान के कुंडल, बाली और नकदी लूट ली थी, जिसकी प्राथमिकी कोतवाली में दर्ज है। इसके अलावा भी कई अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात उसने स्वीकार की है।
एएसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना कांजरहेडी निवासी अर्जुन और और 15 हजार के इनामी फारुख की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने घायल बदमाश के पास से लूटे गए दो कुंडल, एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
रईस पर दर्ज हैं तीन मुकदमे
एएसपी के अनुसार रईस के खिलाफ लूट और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं। गिरोह सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाता था और लूट के बाद जेवरात दिल्ली व अन्य स्थानों पर बेच देता था।