कुड़ाना में कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी
शामली। क्षेत्र के गांव कुड़ाना में शनिवार शाम को ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकालकर देश के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। गांव में बहावड़ी मार्ग पर स्थित जूनियर हाईस्कूल में शाम को ग्रामीण इकट्ठा हुए। यहां से ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकाला। गांव की गलियों से होते हुए कैंडल मार्च चौधरी चरणसिंह पार्क पर पहुंचकर समापन हुआ। इस दौरान लोगों ने कैंडल जलाकर पुलवामा हमले में देश के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मास्टर सुधीर मलिक, रोहित मलिक पटवारी, नितिन मलिक, सुनील मलिक, विनीत मलिक, विजय कुमार, कंवरपाल, शिवकुमार शर्मा, मोहम्मद हाफिज नौशाद आदि मौजूद रहे। कैंडल मार्च ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भारत माता की जय, पाकिस्तान मुर्दाबाद, हिंदुस्तान जिंदाबाद आदि नारे लगाए।
शव पर बरसाए फूल
शामली। शनिवार तड़के करीब पांच बजे कस्बा बनत के ग्रामीणों को जब ये सूचना मिली कि शहीद प्रदीप कुमार का शव शामली पहुंचने वाला है तो ग्रामीणों अपने को रोक नहीं पाए। अपने लाल की एक झलक पाने के लिए ग्रामीण दौड़ पड़े और तहसील पर पहुंच गए। सुबह करीब सवा छह बजे जैसे ही शव लेकर वाहन पहुंचा तो ग्रामीणों ने फूल बरसाने शुरू कर दिए। इसके बाद शहीद प्रदीप अमर रहे, जब तक सूरज चांद रहेगा प्रदीप भाई का नाम रहेगा आदि नारे लगाते हुए शव के साथ गांव पहुंचे।