ऊन। चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू होने के बाद भी गन्ना समिति की व्यवस्था चौपट हो गई। समिति के पूछताछ कार्यालय पर अभी तक कंप्यूटर की व्यवस्था नहीं हो पाई है, जिससे किसान परेशान हैं।
समिति द्वारा इस वर्ष गन्ना पर्ची छपाई और कंप्यूटर विभाग का ठेका मेरठ की कंपनी मेरठ से हटाकर नई कंपनी को दिया गया है, लेकिन कंपनी ने अभी तक समिति कार्यालय पर पूछताछ केंद्र पर कोई कंप्यूटर नहीं लगाया है न ही डाटा उपलब्ध कराया। पर्ची छपाई में भी खामियां मिल रही हैं। डाटा गलत कर किसानों को ट्रॉली की पर्ची बुग्गी की भेज दी गई और किसानों को पर्ची का एसएमएस भी नहीं किया गया है। गन्ना आयुक्त के निर्देशों के बावजूद भी पर्ची वितरण समिति कर्मचारियों द्वारा न करके मिल कर्मचारियों द्वारा ही किया जा रहा है। सोमवार को काफी संख्या में किसान पर्ची की खामियां ठीक कराने समिति कार्यालय पर पहुंचे। समिति के सचिव अजीत कुमार सिंह ने बताया कि एक-दो दिन में सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाएंगी।