डायरेक्टर ने किसानों की समस्याएं सुनीं
थानाभवन। पर्चियों से संबंधित शिकायतों को लेकर हसनपुर लुहारी के किसानों ने गन्ना समिति के डायरेक्टर सुभाष सैनी से मुलाकात की। डायरेक्टर ने किसानों को सभी समस्याओं के शीघ्र आश्वासन का भरोसा दिलाया।
सोमवार को किसानों ने डायरेक्टर से मुलाकात के दौरान बताया कि हसनपुर लुहारी गांव में करीब दो सौ किसान है। किसानों का शुगर मिल में गन्ना ले जाने का समय दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक था। चूंकि शाम के समय मिल में किसानों की भीड़ बहुत होती है तो किसानों को वहां जाम में घंटों फंसना पड़ता है। इसलिए किसानों का गन्ना डालने का समय बदलकर सुबह करना चाहिए। इसके अलावा किसानों ने समय से पर्ची न आने की भी शिकायत की। शिकायत पर डायरेक्टर ने बताया कि किसानों की शिकायत के बाद मिल में गन्ना डालने का समय बदलकर सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक कर दिया गया है। इसके अलावा पर्चियों से संबंधित शिकायत का भी शीघ्र निस्तारण कर दिया जाएगा। मुलाकात करने वालों में किसान इंदरपाल सैनी, अमित सैनी, वसीम, गफफार, चतर सिंह, विक्रम, सुरेश, चरण सिंह, अरूण आदि किसान शामिल रहे।