- एसडीएम कैराना से निर्माण को रोके जाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के समीप नगर पालिका परिषद के द्वारा शौचालय निर्माण कराने के विरोध में व्यापारियों ने एसडीएम से मामले की शिकायत की। वहीं निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।
नगर पालिका परिषद के द्वारा बंद पड़े नलकूप के स्थान पर शौचालय बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। जिसके चलते नलकूप वाले स्थान को तोड़कर उक्त स्थान पर स्त्री एवं पुरुष के लिए सुलभ शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन आसपास दुकानदारों व आमजन के द्वारा शौचालय निर्माण का विरोध किया जा रहा है। मामले को लेकर जिनेंद्र कुमार जैन, साबिर अली, नदीम अहमद, अमित सहित दर्जनों लोगों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देते अवगत कराया कि शौचालय निर्माण के स्थान के निकट एक मस्जिद और बालिकाओं का कॉलेज स्थापित है। शौचालय से उठने वाली दुर्गंध का नमाजियों के साथ कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं व आसपास के लोगों को सामना करना पडे़गा। जिसे लेकर आमजन को भारी परेशानी होगी। उन्होंने उक्त शौचालय के निर्माण बंद कराए जाने की मांग की है। एसडीएम कैराना डॉक्टर अमित पाल शर्मा ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।