अवैध मिट्टी खनन करने से रोकने पर दी धमकी
कैराना। खेत से अवैध रूप से मिट्टी खनन करने वालों ने किसान को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित किसान ने कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कैराना क्षेत्र के ग्राम भूरा निवासी अय्यूब शनिवार को थाने में लगने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचा। शिकायत पत्र देकर बताया कि गांव के ही निकट उसकी कृषि भूमि है। आरोप है कि शुक्रवार रात गांव का एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिलकर उसके खेत से जेसीबी लगाकर अवैध रूप से मिट्टी खनन कर रहा था। उसके खेत से मिट्टी निकालकर आरोपी अपने प्लाट का भराव कर रहे हैं। शनिवार सुबह जब वह खेत पर पहुंचा तो मिट्टी उठाई जा रही थी। उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।