- गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने गांव मालेंडी में किया रात्रि प्रवास
- समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दिया
- गांव में बारातघर के निर्माण का शिलान्यास भी किया
फोटो...
अमर उजाला ब्यूरो
शामली।
गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने गांव मालेंडी में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिया। वहीं, शुक्रवार सुबह उन्होंने कश्यप मोहल्ले में बारातघर का शिलान्यास भी किया।
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सभी मंत्रियों को गांवों में रात्रि प्रवास कार्यक्रम में लगाया है। बृहस्पतिवार रात थानाभवन से विधायक एवं गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने गांव मालेंडी में रात्रि प्रवास किया। चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं पूछीं। ग्रामीणों ने अलग अलग समस्याएं बताईं। साथ ही गांव के भूमिया खेड़ा पर सोलर लाइट लगवाने की मांग की। गन्ना मंत्री ने विधायक निधि से सोलर लाइट लगवाने का आश्वासन दिया। वहीं, गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य गांव और गरीब का विकास कराना है। इसी बात को ध्यान में रखकर योजनाएं लागू की गई हैं। चौपाल के बाद उन्होंने सहदेव सिंह के आवास पर रात्रि विश्राम किया।
वहीं, शुक्रवार सुबह कश्यप मोहल्ले में नौ लाख रुपये की लागत से बनने वाले बारातघर का शिलान्यास किया। यह बारातघर विधायक निधि से बनाया जाएगा। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी डॉ. अनिल भारती, भूपेंद्र सिंह, अश्वनी ग्राम प्रधान, मनोज पंवार, नरेश चौधरी, बिजेंद्र सिंह, आशीष पंवार, अभय तोमर, प्रशांत बधेव, संजीव कश्यप, सुभाष चौधरी समेत काफी संख्या ग्रामीण उपस्थित रहे।