रालोद ने गन्ना समिति कार्यालयों पर लगाया शिविर
शामली। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान और गन्ना पर्ची नहीं मिलने की समस्या को लेकर रालोद ने एक अहम मुद्दा बना लिया है। रालोद कार्यकर्ताओं ने गन्ना समिति कार्यालयों पर बैठकर किसानों की समस्याएं सुनीं। समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र लिए। इसके बाद जिला गन्ना अधिकारी से मुलाकात करके समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
बुधवार को रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह चेयरमैन के नेतृत्व में रालोद कार्यकर्ता शामली गन्ना समिति कार्यालय पहुंचे। वहां बैठकर किसानों से बेसिक कोटा खत्म होने और खेतों में खड़े गन्ने के संबंध में किसानों की समस्या सुनीं। किसानों ने कहा कि बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिल रहा है तथा गन्ना पर्ची भी नहीं दी जा रही हैं। जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न नहीं होने देंगे। प्रतिनिधिमंडल ने जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल भारती से मुलाकात कर कहा कि खेतों में खड़े गन्ने का दोबारा सर्वे कराया जाए। इस दौरान प्रदेश महासचिव अनवार चौधरी, बिजेंद्र मलिक, रजनीश कोरी, सुनील मलिक, सतीश मालेंडी, पवन राणा, सतपाल दरोगाजी, यशपाल खेड़ी, सोमपाल, सर्वेश सिंभालका, आशुतोष पंवार, अंकित मलिक, संजीव देशवाल आदि मौजूद रहे।
पर्ची नहीं मिलने से परेशानी
थानाभवन। रालोद नेता अशरफ अली खान के नेतृत्व में बुधवार को रालोद कार्यकर्ता थानाभवन गन्ना समिति पहुंचे। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान और गन्ना पर्ची से संबंधित किसानों की समस्या सुनीं। इस दौरान कई किसानों ने उनसे कहा कि गन्ना पर्ची नहीं मिलने की वजह से वह परेशान हैं, क्योंकि खेत में गन्ना खड़ा है। थानाभवन शुगर मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) जितेंद्र राणा, सचिव सहकारी समिति धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनी। रालोद नेता अशरफ अली खान ने कहा कि यदि बृहस्पतिवार तक गन्ना पर्ची और बकाया भुगतान की व्यवस्था ढर्रे पर नहीं आई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान नगर पंचायत जलालाबाद के चेयरमैन अब्दुल गफ्फार, राव सालिम, अदनान, आदिल, डॉक्टर मनव्वर, डॉक्टर सउद, नरेश कुमार, मीरहसन, वसीउल्लाह, विक्रम कुमार, वीरसैन, रामभूल और प्रेम सिंह आदि मौजूद रहे।