गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा मिठाई विक्रेता की दुकान के बाहर बनी स्लैब तोड़ने की वजह से व्यापारियों में रोष फैल गया। पीड़ित व्यापारी ने नगर पालिका चेयरमैन और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।
कस्बा कांधला के मोहल्ला मोलानान निवासी गुड्डु सिद्दीकी की जामा मस्जिद के पास मिठाई की दुकान है। उसने बताया कि शुक्रवार को पुलिसकर्मियों ने गश्त के दौरान दुकान के बाहर बनी स्लैब तोड़ दी। इसकी जानकारी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को दी। सूचना के बाद व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल, नगर पालिका परिषद चेयरमैन हाजी वाजिद हसन और श्रीकांत जैन भी मौके पर पहुंच गए। दुकान की हालत को देखकर व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। इसके बाद कार्रवाई की मांग को लेकर व्यापारी कांधला थाने पहुंच गए। थाना प्रभारी ने व्यापारियों की बात सुनकर मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद व्यापारी लौट गए। इस दौरान जमील, सुलेमान, दिलशाद, अफजाल, हनीफ, अनीस, शमशाद, कपिल, मौसम आदि व्यापारी मौजूद रहे।