जनपद में नए सत्र से 40 परिषदीय स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षण कार्य कराया जाना है। इसके लिए बीएसए कार्यालय से शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के लिए आवेदन पत्र मांगे गए थे। मगर, जनपद के शिक्षक आवेदन जमा करने के लिए कोई रुचि नहीं ले रहे है। अंतिम तिथि 15 फरवरी है, लेकिन अभी तक केवल 10 ही आवेदन किए गए है।
शासन ने सरकारी स्कूलों में भी निजी स्कूलों की तरह ही अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करने का निर्णय लिया है। इसके लिए हर जनपद में प्रत्येक ब्लाक से पांच-पांच स्कूल और नगर क्षेत्र से भी पांच स्कूल को चयन किया जाना है। जनपद के पांच ब्लाकों से 25 स्कूल और तीन नगर क्षेत्रों से 15 स्कूलों का चयन किया जाना है। प्रत्येक विद्यालय में एक प्रधानाध्यापक और चार शिक्षकों का चयन किया जाना है। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से अपने अपने ब्लाक और नगर से अच्छे स्कूलों की सूची मांगी गई थी। वहीं प्रशिक्षण के लिए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों से आवेदन पत्र मांगे गए थे। ग्रामीण क्षेत्र के 25 स्कूलों के लिए 25 प्रधानाध्यापक और 100 शिक्षकों और नगर क्षेत्र के लिए 15 प्रधानाध्यापक और 60 शिक्षकों के लिए आवेदन मांगे गए थे। अंतिम तिथि 15 फरवरी तक पांच बजे तक रखी गई है। दो दिन शेष है, मगर अभी तक कार्यालय पर 10 ही आवेदन पत्र प्राप्त हुए है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों से समय रहते हुए अपना अपना आवेदन पत्र जमा कराने के निर्देश दिए है।