अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मिली खामियां
शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह बृहस्पतिवार रात सार्वजनिक स्थानों पर सर्दी से बचाव के लिए की गई अलाव की व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर निकले। कई चौराहों पर निरीक्षण किया, जिसमें अलाव जलते पाए गए। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में औचक निरीक्षण करने पहुंचे, तो वहां चिकित्सक ही नहीं मिल पाए।
बृहस्पतिवार रात करीब सवा सात बजे जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह और एसडीएम सुरजीत सिंह ने शामली में हनुमान रोड, फव्वारा चौक, विजय चौक, अजंता चौक, बुढ़ाना रोड सहित कई स्थानों पर पहुंचकर अलाव की व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से बात कर पूछा कि नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था हो रही है या नहीं। इस दौरान प्रमुख स्थानों पर डीएम को अलाव की व्यवस्था ठीक मिली। इसके बाद वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान इमरजेंसी में फार्मासिस्ट संजीव कुमार मिले, लेकिन चिकित्सक नहीं थे। डीएम ने अस्पताल परिसर में निरीक्षण किया। इसके बाद सीएचसी प्रभारी डाक्टर रमेश चंद्रा वहां पहुंचे। डीएम ने उनसे सीएमओ के बारे में पूछा, तो कोई जवाब नहीं मिला। यहां निरीक्षण करने के बाद डीएम कैंप कार्यालय लौट गए।