सपा सरकार में बने मेरठ-करनाल फोर लेन हाइवे में निर्माण की गुणवत्ता की पोल सीजन कि पहली बरसात ने खोल दी। पिछले कई दिनो से पड़ी बारिश से शामली से लेकर बिडौली तक हाईवे में जगह-जगह गड्ढे हो गए।
सपा सरकार में मेरठ-करनाल हाईवे बनाया गया था। हाइवे को फोरलेन करने कई सौ करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इस बार हाईवे पर पहली बार मानसून बरसा है। पहले ही मानसून में गांव टिटौली से लेकर सेवापुर, टपराना, झिंझाना गाड़ीवाला चौराहा, पटनी परतापुर, अहमदगढ़ पुलिस चौकी, केरटू, बिडौली में सड़क के बीच में गहरे गड्ढे बन गए। हाईवे पर गड्ढे होने के कारण चालक चोटिल हो रहे हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग के कर्मियों ने अभी तक हाईवे को गड्ढा मुक्त नहीं किया है। गांव पटनी में तीन दिनों में कई बाइक सवार सड़क के बीच बने गड्ढे के कारण गिरकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने सड़क के डिवाइडर में लगे अवरोधकों को सड़क के बीच रखकर हाईवे अवरुद्ध किया हुआ है। ग्रामीण नरेंद्र, राजबीर, डॉक्टर लोकेश, नवाब, योंगेंद्र, राजेंद्रसिंह आदि ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर कर हाईवे को गड्ढा मुक्त कराने की मांग की है।