उफान पर यमुना, प्रशासन का अलर्ट जारी
कैराना(शामली)। यमुना एक बार फिर उफान पर है। पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते हथनीकुंड बैराज से 1.37 लाख क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया, जिसके चलते कैराना यमुना पुल पर बृहस्पतिवार को यमुना का जलस्तर 229.30 मीटर तक पहुंच गया। प्रशासन ने यमुना पुल पर गोताखोरों की टीम को अलर्ट कर दिया है।
बुधवार को यमुना नदी में हथनीकुंड बैराज से 1.37 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। बृहस्पतिवार को पानी का असर कैराना में देखने को मिला। 227 मीटर पर बह रही यमुना का जलस्तर बृहस्पतिवार को बढ़ गया। सुबह करीब आठ बजे यमुना को जलस्तर 228.10 मीटर दर्ज किया गया, जो शाम तक 229.30 मीटर तक पहुंच गया। जो खतरे के निशान से मात्र दो मीटर नीचे है। यमुना का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा तथा एएसपी जगदीश शर्मा ने भी कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया तथा यमुना पुल पर तैनात गोताखोरों को अलर्ट करते हुए कहा कि यमुना में नहा रहे कांवड़ियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यमुना में स्नान कर रहे कांविड़यों को भी यमुना में ज्यादा अंदर तक नहीं जाने की हिदायत दी। यमुना पुल पर तैनात सिंचाई विभाग के बेलदार राज कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार को यमुना में पानी छोडे़ जाने की सूचना थी लेकिन बृहस्पतिवार को यमुना में पानी छोड़े जाने की कोई सूचना नहीं है।