शामली। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को तीन महिलाओं सहित 14 कोरोना संक्रमित और मिले हैं। कोरोना के दो मरीज स्वस्थ हुए हैं। सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 64 हो गई है।
जिले में आई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में 14 नए केस मिले हैं। इनमें माजरा रोड पर 32 वर्षीय युवक, पंजाबी कालोनी में 18 वर्षीय युवक, कमला कालोनी में 65 वर्षीय, 44 वर्षीय दो व्यक्ति, नंदू प्रसाद मोहल्ले में 26 वर्षीय युवक, गगन विहार में 76 वर्षीय और रेलपार में 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है।
इनके अलावा गांव भारसी में 48 वर्षीय महिला, गांव लांक में 45 वर्षीय, 70 वर्षीय, 80 वर्षीय तीन व्यक्ति और 65 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली हैं। कस्बा ऊन में 49 वर्षीय और थानाभवन में 55 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले हैं। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोरोना के 14 केस मिले हैं, जबकि दो मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या 64 हो गई है।