शामली। कांवड़ यात्रा महोत्सव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए पुलिस ने तैयारियां कर ली हैं। यात्रा के दौरान सड़क से आसमान तक निगरानी करने की तैयारी है। इसीलिए पुलिस ने हेलीकाप्टर और ड्रोन कैमरे की डिमांड भेजी है। साथ ही अतिरिक्त फोर्स भी मांगा गया है। उम्मीद है कि 25 जुलाई तक अतिरिक्त फोर्स जिले में पहुंच जाएगा।
श्रावण मास 28 जुलाई से शुरू हो रहा है। इसके साथ ही शिवभक्त कांवड़ियों का आगमन शुरू हो जाता है। इस बार महाशिवरात्रि का त्योहार नौ अगस्त को होगा। श्रावण मास शुरू होने पर ही गंगौत्री और हरिद्वार से पवित्र गंगाजल कांवड़ में लेकर मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा राज्य के शिवभक्त कांवड़िया मुजफ्फरनगर के बाद शामली से होकर गुजरने लगते हैं। इसके चलते पुलिस ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के लिए पूरी प्लानिंग कर ली है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने़ बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखे जाएंगे। निगरानी के लिए हेलीकाप्टर और ड्रोन कैमरे की मांग की गई है। इसके अलावा एएसपी, सीओ, निरीक्षक व उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल के साथ ही डॉग स्क्वाड टीम की मांग उच्चाधिकारियों से की गई है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर आठ वॉच टावर लगाए जाएंगे तथा छह पुलिस सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। अतिरिक्त पुलिस बल 25 जुलाई तक जिले में पहुंच जाएगा।
मांगा गया अतिरिक्त पुलिस बल
एक एएसपी, तीन सीओ, 12 इंस्पेक्टर, 100 सब इंस्पेक्टर, 500 कांस्टेबल, ढाई कंपनी पीएसी, एक कंपनी फ्लड टीम, 800 होमगार्ड की मांग उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर शामली जनपद में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के इंतजाम के लिए की गई है।