शामली। वीवी इंटर कॉलेज में दुकानों के निर्माण कार्य पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने रोक लगा दी है। कॉलेज प्रबंधक से दुकान निर्माण के संबंध में अनुमति के कागजात तीन दिन में कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया है।
वीवी इंटर कॉलेज में प्रथम तल पर पांच दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार को कार्यवाहक जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने दुकानों का निर्माण बगैर अनुमति मानते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। उन्होंने कॉलेज प्रबंधक संजय संगल को पत्र भेजकर तीन दिन में दुकान निर्माण के लिए ली गई अनुमति संबंधी सभी प्रमाण पत्र कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। जिसमें निर्माणाधीन दुकानों के संबंध में बुलाई गई बैठक का एजेंडा, प्रबंध समिति द्वारा पारित प्रस्ताव की छायाप्रति, कॉलेज के किस मद से दुकानों का निर्माण किया जा रहा है कि जानकारी, निर्माणाधीन दुकानों का विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत मानचित्र की प्रमाणित छायाप्रति आदि जानकारी प्रमाणित प्रति के रूप में जमा कराने के लिए कहा है। साथ ही डीआईओएस ने निर्माण कार्य पर रोक लगाने के संबंध में उच्चाधिकारियों को भी सूचना भेज दी है।