श्री हनुमान धाम के 48वें श्रीरामलीला महोत्सव में ताड़का-सुबाहु वध की लीला का सुंदर मंचन किया गया। ताड़का वध की लीला को देखने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी
मंगलवार की देर शाम श्री हनुमान धाम पर श्रीरामलीला रंगमंच में राक्षस सुबाहु-मारीच एवं ताड़का के उत्पात से ऋषि परेशान हैं। राक्षसों के साथ ताड़का यज्ञ विध्वंस करती है। इसी प्रकार ऋषि विश्वामित्र भी राक्षसों से परेशान होकर अयोध्या में राजा दशरथ के दरबार में जाते हैं। यज्ञ की रक्षा के लिए ऋषि विश्वामित्र राम, लक्ष्मण को साथ लेकर अपने आश्रम की ओर प्रस्थान करते है। वन में पहुंचने पर श्रीराम ऋषि की आज्ञा पर ताड़का का वध करते है। ताड़का वध के बाद राक्षस सुबाहु और मारीच युुद्ध के लिए आते हैं। युद्ध के दौरान श्रीराम मारीच को बाण चलाकर सौ योजन दूर लंका में फेंक देते हैं। सुबाहु श्रीराम के हाथों युद्ध में मारा जाता है।
उधर, ऋषि विश्वामित्र को राजा जनक के यहां से सीता स्वयंवर में शामिल होने का न्यौता मिलता है। वह श्रीराम लक्ष्मण को लेकर जनक के यहां रवाना होते हैं। रास्ते में एक पत्थर की शिला दिखाई देती है, जिसके संबंध में विश्वामित्र बताते हैं कि वह गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या हैं, जो पति के श्राप से पत्थर बन गई हैं। श्रीराम के चरणों से पत्थर की अहिल्या महिला रूप में प्रकट होती है। वह श्रीराम को प्रणाम करके देव लोक चली जाती है। श्रीराम का अभिनय रवि पाठक, लक्ष्मण निशांत पाठक, विश्वामित्र दिनेश पाठक, ताड़का का अभिनय बलराज सैनी ने किया। लाल सिंह लचक, दीपक सैनी ने मंच सज्जा में सहयोग किया। बुधवार रात रामलीला में धनुष यज्ञ की लीला का मंचन हुआ। वहीं, ताड़का वध की लीला के दौरान भीड़ अधिक होने पर हंगामे की स्थिति हो गई। मौके पर पहुंचे रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों लोगों को समझाकर शांत किया।
22 सितंबर को निकलेगी श्रीराम बारात
शामली। हनुमान धाम के कोषाध्यक्ष जोगेंद्र पाल सेठी ने बताया कि श्री हनुमानधाम श्रीराम की बारात 22 सितंबर को श्रीराम लीला मैदान से शाम चार बजे निकाली जाएगी। बारात अस्पताल रोड, कोतवाली रोड, शिवगंज मंडी, बुढ़ाना रोड, बलभद्र मंदिर, अजंता चौक, फव्वारा चौक, वीवी इंटर कॉलेज से हनुमान रोड, गांधी चौक, बड़ा बाजार होते हुए नवीन मार्केट पहुंचेगी। यहां शाम छह बजे श्री नामदेव युवा जन कल्याण समिति की ओर से वर माला डाले जाने का कार्यक्रम होगा। बाद में श्रीराम बारात अजुध्या चौक से गुजरातियान से मोहल्ला बड़ियाल होकर धीमानपुरा, शिवचौक होते हुए हनुमान धाम पर पहुंचेगी। श्रीराम बारात के दौरान व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान सजाने का अनुरोध किया गया है।