डीएम ने कहा कि रामलीला, दुर्गा नवरात्र और मोहर्रम के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अधिकारी कर्मचारी अपनी ड्यूटी गंभीरता से करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं, आमजन से अपील की गई है कि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्द के साथ मनाए जाएं।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में त्योहार पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक हुई। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि ड्यूटी में लगे मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाएं। साथ ही रामलीला आयोजकों को निर्देश दिया है कि रामलीला स्थल पर सीसीटीवी लगाएं, ताकि असामाजिक तत्वों की हरकतों पर निगाह रखी जा सके। उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जर्जर और लटके हुए तारो को दुरुस्त करें। पालिका के अधिशासी अधिकारियों को स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने का निर्देश दिया। नगर में साफ सफाई की व्यवस्था को ठीक रखी जाए। एसपी ने सभी सीओ और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक करके नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करें।
उन्होंने जुलूस आदि में शस्त्र का प्रदर्शन न करने तथा डीजे आदि तेज आवाज में न बजाने पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करने को कहा। बैठक में एडीएम शिव बहादुर सिंह, एसडीएम शामली सुरजीत सिंह, एसडीएम कैराना दुष्यंत मौर्य, एसडीएम ऊन विजय प्रकाश तिवारी, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह के अलावा विद्युत विभाग, नगरपालिका और अन्य विभागों के अधिकारियों के अलावा शांति समिति के लोग भी मौजूद रहे।