पालिका की पाइप लाइन लिकेज होने के कारण कई घरों में दरारें आ गई। शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं होने पर नागरिकों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी का इजहार किया।
कस्बे के मोहल्ला कानूनगोयान में पालिका द्वारा पानी सप्लाई के लिए पाइप लाइन डाली गई है। मोहल्लेवासी सलीम, जावेद, दिलशाद, इंतजार, वसीम, शाहनवाज, तहसीम, साबिर, सोना, जावेद, आबिद, देवेंद्र भगत जी आदि के अनुसार पाइप पिछले काफी समय से लिकेज है। इसकी शिकायत कई बार पालिका प्रशासन से की गई, लेकिन पालिका ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। लगातार पाइप लाइन से लिकेज के चलते कई मोहल्लेवासियों के घरों में दरारें आ गई हैं। इसके कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पाइप लाइन में लिकेज ठीक नहीं किए जाने से मोहल्ले के लोगों में पालिका प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है। आरोप है कि इसी समस्या के चलते सिवरेज के पाइप भी टूट चुके हैं, जिसके कारण गंदगी सड़क पर आ गई है। मोहल्ले के लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। इस समस्या का समाधान न हो पाने के कारण लोगों का रविवार को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पालिका प्रशासन के लिए जमकर हंगामा प्रदर्शन किया। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इसके साथ ही इन लोगों ने कार्रवाई न होने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस मामले में अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है। मोहल्लेवासियों की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा।