एक परीक्षार्थी की 13 लोगों ने कराई परीक्षा
शामली। यूपी बोर्ड की परीक्षा में मंगलवार को पहली पाली में 3936 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि दूसरी पाली में पंजीकृत मात्र एक विद्यार्थी ने परीक्षा दी है। एक विद्यार्थी को परीक्षा दिलाने के लिए केंद्र व्यवस्थापक और दो कक्ष निरीक्षक समेत स्टाफ के 13 सदस्यों की ड्यूटी रही।
डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि मंगलवार को पहली पाली में इंटर की चित्रकला और हाईस्कूल की संस्कृत की परीक्षा थी। इसमें कुल 4214 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 3936 ने परीक्षा दी और 278 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में इंटर की अर्थशास्त्र एवं भूगोल की परीक्षा थी। इस परीक्षा में जिले में पंजीकृत मात्र एक विद्यार्थी ने परीक्षा दी। इंटरमीडिएट के छात्र कृष्णा पुत्र अनिरुद्ध का ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अर्थशास्त्र एवं भूगोल विषय की परीक्षा दी। इस छात्र ने कक्ष संख्या 18 में परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान दो कक्ष निरीक्षक कंवरपाल सिंह व जूली त्यागी, केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य डॉ. नीरा, पर्यवेक्षक चंद्रवीर समेत 13 सदस्यों का स्टाफ की ड्यूटी रही।