थानाभवन। कस्बे के 12 परिवारों की ओर से की गई राशन डीलर की शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को पूर्ति निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने ग्राहक और राशन डीलर के बयान दर्ज किए।
कस्बा निवासी जहीर अहमद, शफीक, शमीम, गुलशन जहां, रहीसा, कमरूनिशां, शहनाज, चांदनी, तौहिदा, वकीला, शाहिदा, इंतयाज ने एक सप्ताह पूर्व जिलाधिकारी को शिकायत करते हुए बताया था कि उनके राशन डीलर ने पिछले एक साल से उन्हें मिट्टी का तेल नहीं दिया है। जब भी वह तेल लेने के लिए दुकान पर जाते हैं तो उन्हें वापस भेज देता है। कई बार तो डीलर द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। डीएम के निर्देश के बाद बृहस्पतिवार को पूर्ति निरीक्षक वैशाली अहलावत टीम के साथ कस्बे पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने लोगों के बयान दर्ज करते हुए राशन डीलर का भी बयान लिया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि अभी बयान दर्ज किए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।