शामली। कांवड़ यात्रा 2018 सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से आरपीएफ ने मुख्यालय से अतिरिक्त फोर्स मांगा है। इसके अलावा सुरक्षा हेल्प लाइन की स्थापना की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
दिल्ली-शामली-सहारनपुुर रेलवे मार्ग पर हरिद्वार जाने वाली ट्रेनों का आवागमन रहता हैं। कांवड़ यात्रा के लिए दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, वेस्ट यूपी के जिलों से हजारों शिवभक्त ट्रेनों से हरिद्वार के लिए रवाना होते है। हरिद्वार से कांवड़ लेकर पैदल यात्रा के लिए रवाना होते है। सिद्धपीठ शिव मंदिरों एवं गृह जनपदों में शिवरात्रि को जलाभिषेक करते हैं। एक अगस्त से लेकर नौ अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के लिए आरपीएफ ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आरपीएफ के थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि आरपीएफ शामली थाने का बागपत जिले के सूजरा रेलवे स्टेशन से लेकर सहारनपुर जिले के टपरी रेलवे स्टेशन तक क्षेत्र है। शामली रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाना और टपरी में चौकी है। थाने मेें दो एसआई, दो एएसआई, नौ हेड कांस्टेबल, 23 कांस्टेबल समेत 37 का स्टाफ है, जबकि टपरी चौकी में एक एसआई, एक एएसआई, दो हेड कांस्टेबल, सात कांस्टेबल तैनात है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए दो एसआई, दो एएसआई, 12 हेड कांस्टेबल, 40 कांस्टेबल की मांग की गई है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा हेल्प लाइन की स्थापना की जाएगी। सुरक्षा हेल्पलाइन में ट्रेनों की टाइम टेबिल, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर, फर्स्ट एड बाक्स आदि की व्यवस्था होगी। 21 जुलाई के बाद सुरक्षा हेल्पलाइन की व्यवस्था लागू की जाएगी।
आठ रेलवे फाटकों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
शामली। रेलवे फाटकों की सुरक्षा के लिए दिल्ली-शामली-सहारनपुुर रेल मार्ग पर आठ फाटकों पर आरपीएफ ने सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजा है। इनमें रेलवे गेट नंबर 55 बावली रेलवे हाल्ट, रेलवे गेट 59 सी, बुढ़ाना रोड फाटक, रेलवे गेट नंबर 79 जिवाना-बूढपुर के बीच, 70-72 रेलवे गेट एलम, गेट नंबर 84 कांधला, रेलवे गेट नंबर 127 नानौता-रामपुर के बीच, गेट नंबर 135 रामपुर मनिहारन आदि पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।