कश्यप समाज ने सीओ से मिलकर बताई अपनी पीड़ा
कैराना।
लोकसभा उपचुनाव में मतदान करने से रोकने की आशंका के चलते कश्यप समाज के लोगों ने सीओ के सामने अपनी पीड़ा रखी। उन्होंने बताया कि उनका एक बूथ विशेष समुदाय के बीच में है और उनको वोट डालने से रोका जाता है। सीओ ने लोगों को आश्वासन देते हुए सुरक्षा का भरोसा जताया है।
शनिवार को ग्राम तितरवाड़ा निवासी कश्यप समाज के लोग कैराना पहुंचे और सीओ राजेश कुमार तिवारी से मुलाकात की। उन्होंने सीओ को बताया कि उनके गांव में बिरादरी की करीब 700-800 वोट हैं, जबकि गांव में चार बूथ हैं। एक बूथ समुदाय विशेष की आबादी के बीच है। आरोप है कि समुदाय विशेष के लोग उन्हें वोटिंग करने नहीं देते हैं। कई बार इस संबंध में पूर्व में अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अब फिर चुनाव है और वह अपनी वोट का प्रयोग करना चाहते हैं। सीओ ने उन्हें आश्वस्त करने के साथ ही कोतवाली पुलिस को मौका-मुआयना करने के निर्देश दिए। इस पर नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता व एसएसआई सुनील दत्त मौके पर पहुंचे तथा बूथ का निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार कॉमेंद्र गुप्ता ने बताया कि शिकायत पर कश्यप समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि वह उपचुनाव के दौरान अपनी मर्जी से खुलकर वोट करें। यदि इसमें किसी ने धमकी दी या फिर कोई अड़चन करने का प्रयास किया, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, पुलिस पूरी सहायता करेगी और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी।