होली के मद्देनजर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने होली प्रोत्साहन योजना सोमवार से शुरू कर दी है। देर रात में सवारियों को रोडवेज बस की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पांच मार्च तक चलने वाली होली प्रोत्साहन योजना में सवारियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा दिए जाने के लिए दिल्ली से सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून, लखनऊ, बरेली, एटा, फर्रुखाबाद आदि के लिए 130 बसों का लगाया गया है। डिपो स्तर पर सवारियों की अधिकता को देखते हुए उसी मार्ग पर रोडवेज बसो का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
योजना के तहत प्रत्येक चालक-परिचालक को प्रतिदिन 300 किमी रोडवेज बसों का संचालन करने पर 300 रुपये के हिसाब आठ दिन ड्यूटी करने वाले को 2400 रुपये और सात दिन ड्यूटी करने वाले को 2100 रुपये की धनराशि वेतन से अतिरिक्त प्रोत्साहन के रुप में दी जाएगी। योजना में शामली डिपो की 20, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर डिपो की 40, खतौली-छुटमलपुर डिपो की 25 रोडवेज बसों को लगाया गया है। होली के दौरान दिल्ली को जाने वाले मार्गों पर रोडवेज बसों के संचालन का मुख्य फोकस रहेगा। शामली एआरएम रोडवेज मनोज वाजपेयी ने बताया कि सहारनपुर रीजन की 130 रोडवेज बसों को आनंद विहार दिल्ली भेजा जाएगा। वहां से सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून, लखनऊ, एटा, बरेली, फर्रुखाबाद के लिए संचालन किया जाएगा। सवारियों की अधिकता के आधार पर डिपो स्तर से रोडवेज बसो का संचालन किया जाएगा।
लोकल रूटों पर संचालन को महत्व
होली को देखते हुए यूपी रोडवेज ने सहारनपुर में यात्रियों की सुविधाओं-शिकायत, सुझावों के लिए कंट्रोल रूम खोला गया है। कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 8004912963 पर कोई यात्री अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शामली रोडवेज बस स्टेशन के अधीक्षक राजेंद्र चौहान ने बताया कि होली के मद्देनजर सुबह चार बजे से लेकर रात दस बजे तक सवारियों को देखते हुए रोडवेज बसों का संचालन शुुरू हो गया। दिल्ली-सहारनपुर, पानीपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर मार्गों पर रोडवेज बसों का मुख्य संचालन होगा। होली के मद्देनजर जिले की सीमा में रोडवेज बसों की चेकिंग की जा रही है। ऐसे परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जो यात्रियों को टिकट नहीं देते हैं।