15 दिसंबर को होगी दिव्यांग छात्र-छात्राओं की प्रतियोगिता
शामली। जनपद में विकलांगता पखवारा के चलते जनपदस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होगी। प्रतियोगिता 15 दिसंबर को शहर के वीवी इंटर कॉलेज में आयोजित होगी। सभी कॉलेजों को 13 दिसंबर तक कार्यालय में प्रतिभागी छात्र छात्राओं की सूची जमा कराने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस एसएम सिद्दीकी ने बताया कि जनपदस्तरीय दिव्यांग खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं शहर के वीवी इंटर कॉलेज में आयोजित होगी। प्रतियोगिता 15 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित कराई जाएगी। जनपद के सभी माध्यमिक कॉलेजों के कक्षा नौ से लेकर 12 वीं तक के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने जनपद के सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में 13 दिसंबर तक जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को भी साथ आना अनिवार्य कराना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए है।
ये होगी प्रतियोगिताएं
ब्रेल रीडिंग, राइटिंग प्रतियोगिता, गणित, चित्रकला, छू कर पहचानना, ट्राई साइकिल दौड़, कुर्सी दौड़, गायन, नृत्य, फैंसी ड्रेस, क्रिकेट प्रतियोगिता कराई जाएगी।