लग्जरी कार से देसी शराब की 12 पेटी बरामद
शामली। थाना झिंझाना पुलिस ने बिडौली चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान लग्जरी कार से हरियाण मार्का देसी शराब की 12 पेटी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिया। इसके अलावा 30 लीटर कच्ची शराब के साथ एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।
शनिवार को एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि जनपद में शराब की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत थाना झिंझाना पुलिस मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित बिडौली चेकपोस्ट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा से एक कार में शराब लाई जा रही है। चेकिंग के दौरान हरियाणा की तरफ से आई कार को रुकवाकर पुलिस ने तलाशी ली। कार से 12 पेटी देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम शिवकुमार निवासी गांव गढ़ सरनई थाना सदर पानीपत बताया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
इसके अलावा झिंझाना पुलिस ने सूचना के आधार पर गांव पटनी परतापुर के निकट से गोविंद निवासी गांव मस्तगढ़ थाना झिंझाना को 30 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शराब तस्करी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया है।