उपलब्धियों से भरा साल रहा 2018
शामली। जिले के लिए वर्ष 2018 उपलब्धियों से भरा रहा है। विकास के नजरिया से देखा जाए तो इस साल मेरठ-करनाल मार्ग और पानीपत-नगीना, कोटद्वार मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हस्तांतरित हुए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मेरठ- करनाल मार्ग को गड्ढा मुक्त कराया। इसी साल यूपी और हरियाणा के साथ परिवहन समझौता होने के बाद दोनों प्रदेशों को रोडवेज बसों का संचालन होने से यात्रियों को सुविधाएं मिली।
वर्ष 2018 की शुरूआती दौर में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को अपना स्थायी कार्यालय भवन मिला। पूर्वी यमुना नहर के किनारे मुंडेट और गोहरनी गांव के जंगल में 11 अक्तूबर को विकास भवन, सीएमओ कार्यालय को नए भवन में शिफ्ट कराया गया। इसी साल मेरठ- करनाल मार्ग व पानीपत-खटीमा मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हस्तांतरित हुए। दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों के हस्तांतरित होने के बाद मेरठ-करनाल मार्ग के पेंचवर्क काम कराया गया। वहीं मेरठ-करनाल और पानीपत- नगीना व कोटद्वार की मरम्मत का राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से स्टीमेट तैयार किया गया। एक अप्रैल को पूर्वी यमुना नहर के किनारे मुंडेट गांव के जंगल जिला अस्पताल के निर्माण के लिए लिए 15 करोड़ रुपये की धनराशि शासन से जारी हुई। इसके बाद में निर्माण एजेंसी द्वारा जिला अस्पताल के निर्माण में तेजी आई है। एक अप्रैल को मेरठ-करनाल मार्ग पर काबड़ौत में कृष्णा नदी पर चार लेन के सेतु व सल्फा में दो लेन के सेतु की परियोजनाओं को नाबार्ड धनराशि जारी हुई। सात अप्रैल को दोनों सेतु की परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। सालों से चल रही शामली कृषि विज्ञान केंद्र को 23 अप्रैल को जलालपुर गांव में स्थापित किया गया। 27 मई को बागपत में आयोजित चुनाव सभा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडगरी का शामली बाईपास का जल्द निर्माण कराए जाने की घोषणा से शामली में मेरठ-करनाल के नए बाईपास, पानीपत-नगीना कोटद्वार मार्ग का बनत में नया बाईपास की कवायद शुरू हुई।
हरियाणा के जिलों के लिए यात्रियों की राह हुई आसान
शामली। हरियाणा-और यूपी के मुख्यमंत्रियों के बीच परिवहन समझौता लागू होने के बाद एक जून को हरियाणा की ओर से पानीपत से 22 ओर करनाल जिले से सात रोडवेज बस व एक चंडीगढ़ से एक पंजाब रोडवेज की बसें शामली के लिए चालू कर दी गई। यूपी की ओर सहारनपुर रीजन के 29 और मेरठ रीजन के 12 परमिट मिलने के बाद यूपी रोडवेज के सहारनपुर रीजन ने 25 दिसंबर को शामली से करनाल और पानीपत के लिए भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने यूपी रोडवेज बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेरठ रीजन भी साल के अंत तक अपने 12 परमिट के आधार पर यूपी रोडवेज बसों को हरियाणा के पानीपत, करनाल और कुरुक्षेत्र जिलों के लिए चालू कर दिया जाएगा। साल के आखिर में यूपी रोडवेज का जलालाबाद बस अड्डे में नया डिपो की कवायद शुरू हो गई है।