गन्ना पर्चियां नहीं मिलने से किसान नाराज
थानाभवन। कैलेंडर जारी नहीं करने, गन्ना पर्चियों के नहीं मिलने से नाराज किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र पर तौल बंद कराते हुए मिल के ट्रालों का रास्ता रोक दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे डीजीएम का किसानों ने घेराव करते हुए अपनी समस्याएं रखी। मिल प्रबंधन ने किसानों की सभी समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शनिवार को नौजल गांव के गन्ना क्रय केंद्र के निकट धरने पर बैठे किसानों ने बताया कि शुगर मिल को चालू हुए एक माह बीत चुका है। लेकिन, अब तक गांव के किसानों को कैलेंडर जारी नहीं किए गए है, जबकि पर्चियों का तो अब तक कोई अता पता नहीं है। कई किसानों की 20-20 पर्चियां हैं, लेकिन अब तक उनके पास एक ही पर्ची पहुंची है। कई किसानों को तो पर्ची मिली ही नहीं। इसके अलावा मृतक आश्रितों के नाम अब तक बांड नहीं किए गए हैं। कई किसानों की भैंसा बग्गी के बांड हैं, लेकिन उनकी ट्रैक्टर की पर्चियां भेज दी गई, जिससे किसानों को और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि शुगर मिल की लापरवाही के कारण किसानों के सामने गेहूं की फसल लगाने की समस्या खड़ी हो गई है। इस दौरान मिल के डीजीएम जितेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं। इस पर किसानों ने डीजीएम का घेराव किया। डीजीएम ने कहा कि किसानों की समस्याओं का तत्काल प्रभाव से समाधान किया जाएगा, इस पर किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान किसान अक्षय सिंह, धर्मपाल, रामकुमार, विनोद सिंह, सुखपाल सिंह आदि मौजूद रहे।