थानाभवन। कस्बा थानाभवन में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शहर के जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक करके शीघ्र अतिक्रमण की समस्या का समाधान कराया जाए।
रविवार दोपहर गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने थानाभवन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और सभासदों के साथ बैठक की। कहा कि दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर टेलीफोन एक्सचेंज से लेकर पेट्रोल पंप तक अतिक्रमण है। यहां से गुजरने में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। निर्देश दिया कि जल्दी ही व्यापार मंडल, पूर्व चेयरमैन और सभासदों के साथ बैठक करके इस समस्या का समाधान निकाला जाए। कस्बे के अंडरपास में पानी भरने से ग्रामीणों को होने वाली समस्या पर उन्होंने कहा कि जब तक रेलवे की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया जाता, तब तक अंडरपास में भरने वाले पानी को निकालने की जिम्मेदारी नगर पंचायत की होगी।
साथ ही गन्ना राज्यमंत्री ने कस्बे से गांवों को जाने वाले लिंक मार्गों पर राहगीरों के बैठने के लिए 12-12 बेंच लगाने के निर्देश दिए। वहीं, कृष्णा नदी की भूमि पर अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई कराने का निर्देश दिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी रवि यादव, सभासद नीरज गोयल, देवेंद्र पंडित, बॉबी अरोड़ा, महबूब, पूर्व सभासद उमेश सैनी, सुरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सैनी आदि मौजूद रहे।
योजना के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
बैठक के दौरान सभासदों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग खुद को डूडा के कर्मचारी बताते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली कर रहे हैं। इस पर राज्य मंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति योजना के नाम पर वसूली की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
तालाब का सुंदरीकरण न होने पर नाराजगी
बैठक के दौरान गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा ने बजट जारी होने के बावजूद बूढ़ा बाबू तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छह माह से 36 लाख रुपये नगर पंचायत के खाते में पडे़ हैं, लेकिन कार्य नहीं हो रहा है।