सड़क के गड्ढे भरवाए, चकाचक करा दी सफाई
शामली। जिला प्रशासन का पूरा अमला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर शहर को चमकाने में जुटा रहा। जनसभा स्थल के आसपास सफाई व्यवस्था करा दी गई, तो सड़क में गड्ढों को भी भरवा दिया गया। शहर के नागरिकों ने कहा कि काश मुख्यमंत्री अक्सर आते रहें तो खस्ताहाल सड़कों से निजात मिल जाएगी। साथ ही साफ सफाई और बिजली आपूर्ति भी सुचारु रहेगी।
कैराना लोकसभा उपचुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को शामली में आरके इंटर कॉलेज मैदान पर जनसभा होगी, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के विभिन्न वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री का अधिकारिक कार्यक्रम जिला प्रशासन के साथ ही भाजपा के स्थानीय नेताओं को भी प्राप्त हो चुका है। इसी के चलते जनसभा की तैयारियां बुधवार को ही पूरी कर ली गई। जनसभा शामली में आरके इंटर कॉलेज के मैदान पर होगी, जिसके चलते बुधवार को लोक निर्माण विभाग की टीम ने श्रमिकों को लगाकर मेरठ-करनाल हाइवे पर विजय चौक से आरके इंटर कॉलेज और आरके डिग्री कॉलेज तक सड़क के गड्ढे भरवा दिए। इसके अलावा आरके इंटर कॉलेज के बाहर मुख्य मार्ग पर व्यापक सफाई अभियान भी चलाया गया। नाले से सिल्ट निकाली गई, तो नालियों के आसपास झाड़ियां भी काट दी गई।
खुले में रखे ट्रांसफार्मर पर नहीं रहा ख्याल
आरके इंटर कॉलेज के मैदान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा होगी। इंटर कॉलेज के मुख्य गेट से महज 10 कदम की दूरी पर ही सड़क किनारे विद्युत विभाग का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, लेकिन उस पर बेरिकेडिंग (जाली) तक नहीं लगी हुई है।
ऐनवक्त पर बदला गया हैलीपेड का स्थान
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर उतरवाने के लिए पूर्व में शामली में आरके डिग्री कॉलेज के मैदान पर हैलीपेड बनाया गया। बुधवार दोपहर बाद तक हैलीपेड निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन इसी दौरान सुरक्षा की लिहाज से निरीक्षण के लिए टीम वहां पहुंची। टीम के सदस्यों ने कहा कि जनसभा स्थल के नजदीक हैलीपेड बनाया जाना उचित नहीं है। इसके बाद आनन फानन में शामली में कैराना रोड स्थित सिल्वर बेल्स स्कूल के मैदान पर हैलीपेड का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।