सिलिंडर से गैस रिसाव होने पर लगी आग, चार झुलसे
शामली।
शहर के मोहल्ला नोकुआं रोड पर एक मकान में सिलिंडर से गैस रिसाव होने के बाद रसोई में आग लग गई, जिसमें परिवार के चार लोग झुलस गए। उनमें से दो को गंभीर हालत के चलते मुजफ्फरनगर रेफर किया गया है।
नोकुआं रोड निवासी डॉक्टर राजकुमार सैनी के मकान में बुधवार सुबह सिलिंडर से गैस रिसाव हो गया। इसका पता चलने पर परिवार ने पास में ही एक युवक को बुलाकर सिलिंडर की लीकेज ठीक कराई, लेकिन तब तक रसोई में गैस फैल चुकी थी। इसका पता युवक को नहीं था। युवक ने सिलिंडर को चूल्हे से जोड़कर चालू करने के लिए माचिस से आग लगाई, तो रसोई में आग लग गई। इस दौरान वहां पर मौजूद राजकुमार सैनी, उनका बेटा सचिन, सोनू और प्रियंका झुलस गए। इससे वहां अफरातफरी मच गई। इसके बाद आग बुझाई गई। झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाया गया। वहां से सचिन और सोनू को गंभीर हालत के चलते जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया।