शामली। शहर में विभिन्न बैंक शाखाओं के करीब 25 एटीएम हैं, लेकिन दो दिन से ज्यादातर एटीएम कैशलेस नजर आ रहे हैं। इससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। लोग एटीएम पर पहुंचते हैं तो कहीं पर शटर बंद मिलता है, तो कहीं मशीन बंद मिलती है।
बैंकों की दो दिन लगातार छुट्टी होने के कारण लोग परेशान है। इससे एटीएम व्यवस्था भी बिगड़ गई है। शहर में सभी बैंकों के लगभग 25 एटीएम हैं, लेकिन अधिकांश ग्राहकों को कैश नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को शहर के बुढ़ाना रोड स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा के एटीएम से कैश मिल रहा था, लेकिन रविवार को वहां भी ग्राहकों को कैश नहीं मिला। उधर, शहर के अन्य एटीएम पर भी रविवार को यही हाल रहा। बुढ़ाना रोड पर ही एक्सिस बैंक एटीएम पर मिले गांव सिसौली निवासी रविंद्र और मोहल्ला दयानंद नगर निवासी सुमित्रा ने बताया कि दो दिन से एटीएम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कैश नहीं मिल पा रहा है। घर का सामान और दूध वाले को भी पैसे देने थे। कैश न निकलने के कारण बहुत ही परेशानी हो रही है। वहीं अन्य कई बैंक शाखाओं के एटीएम के शटर बंद रहे। उपभोक्ता शटर बंद देखकर काफी मायूस नजर आए। वहीं गांव झाल के रविंद्र, बनत की अनीस, मुंडेट के जयबीर ने बताया कि शहर के एटीएम का बुरा हाल है। छुट्टी होने के बाद एटीएम में कैश मिलना मुश्किल हो रहा है, जिससे बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कैश जमा कराने वाले भी हुए परेशान
शहर के कई बैंकों के एटीएम में कैश निकालने के साथ ही कैश जमा करने वाली मशीन भी लगी हुई है। छुट्टी के दिन भी उपभोक्ता अपना कैश जमा कर सकता है, लेकिन एटीएम का शटर बंद होने के कारण लोग पैसा जमा भी नहीं कर पा रहे हैं। एसबीआई बैंक एटीएम के बाहर मिले उपभोक्ता राजीव ने बताया कि वह दो दिन से 10 हजार रुपये खाते में जमा करने के लिए पहुंच रहा है, लेकिन शटर बंद मिल रहा है।