यूजी ट्रेडिशनल कोर्स में 24,339 पंजीकरण
शामली। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में चल रहे पंजीकरण सोमवार को समाप्त हो गए। यूजी ट्रेेडिशनल कोर्स में दाखिलों से शुरुआत होगी। जनपद के 14 कॉलेजों में यूजी में करीब 5500 सीटों के सापेक्ष 24,339 पंजीकरण हुए हैं। दाखिले की पहली मेरिट 21 जुलाई को आएगी, जिसके बाद 26 जुलाई तक पहली मेरिट से दाखिले होंगे।
यूजी ट्रेडिशनल कोर्स के लिए सोमवार रात 12 बजे पंजीकरण प्रक्रिया बंद हो गई। बीए, बीएससी विज्ञान, बीएससी (कृषि) और बीकॉम में दाखिला प्रक्रिया चलेगी। सबसे ज्यादा पंजीकरण बीए में हुए हैं। दूसरे नंबर पर बीएससी विज्ञान, तीसरे नंबर बीकॉम के पंजीकरण हुए हैं। जनपद में दो राजकीय कॉलेज, दो एडेड कॉलेज और करीब दस सेल्फ फाइनेंस कॉलेज हैं। जिनमें चार एडेड और राजकीय कॉलेजों में यूजी में सभी संकायों में केवल 2200 सीटें हैं। जबकि 10 सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में करीब 2300 सीटें हैं। जनपद में दाखिलों को लेकर मारामारी मचने वाली है, क्योंकि यूजी ट्रेडिशन कोर्स में 24339 पंजीकरण हुए हैं। पहली मेरिट से दाखिले होने के बाद ही दूसरी मेरिट आएगी। अबकी बार दो मेरिट के बाद दो ओपन मेरिट से ही दाखिला प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जनपद में सबसे ज्यादा बीएससी एजी और बीकॉम पर रहेगी।
प्रोफेशनल कोर्स में 25 तक पंजीकरण
अभी केवल यूजी ट्रेडिशनल कोर्स में पंजीकरण समाप्त हुए हैं, जबकि यूजी प्रोफेशनल और पीजी ट्रेडिशनल, प्रोफेशनल कोर्स में अभी पंजीकरण 25 जुलाई तक जारी रहेंगे। जिसमें पहली मेरिट 28 जुलाई को आने की उम्मीद है। प्रोफेशनल कोर्स की तरफ जनपद के युवाओं का रुख कम ही नजर दिखाई दे रहा है।
विषय पंजीकरण की संख्या
बीए -- 14173
बीकॉम 3740
बीएससी विज्ञान 4514
बीएससी (कृषि) 1912
---------------------------
योग 24339
----------------------------
बीबीए 136
बीएससी कंप्यूटर 18
बीएड 49
एमएससी विज्ञान 463
एमसीए 166
एमएससी (कृषि) 1016
एमए 720
बीईएलएड 815
बीएससी गृहविज्ञान 44
--------------------------
योग 3427
--------------------------