अमर उजाला ब्यूरो
शामली। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में जागरूकता लाने के लिए भारत सरकार के आह्वान पर चार फरवरी से 10 फरवरी तक 30वां सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। परिवहन विभाग की तरफ से सप्ताह भर तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
1990 से भारत सरकार के आह्वान पर साल में एक सप्ताह के लिए विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एक सप्ताह तक सड़क सुरक्षा सप्ताह के रूप में मनाया जाता है। इस बार यह सप्ताह चार फरवरी से दस फरवरी तक मनाया जाएगा। इस सप्ताह का मुख्य नारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा रखा गया है। उधर, एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रमों की तिथिवार रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इस सप्ताह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए जागरूक करना है।
सड़क सुरक्षा सप्ताह में ये होंगे कार्यक्रम
चार फरवरी : सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यशाला का आयोजन और विभिन्न मार्गों पर सड़क सुरक्षा संबंधी प्रचार प्रसार कराया जाएगा।
पांच फरवरी : विभिन्न वर्गों की सहभागिता से पैदल मार्च का आयोजन होगा।
छह फरवरी : हेलमेट एवं सीट बेल्ट पहनने हेतु जागरूकता पैदा करने हेेतु अभियान।
सात फरवरी : विभिन्न स्कूलों में बच्चों में यातायात नियमों के संबंध में जागरूक करना।
आठ फरवरी : टैंपो, ऑटो, ई रिक्शा, बस ट्रक चालकों की कार्यशाला का आयोजन।
नौ फरवरी : ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों की फिटनेस की जांच।
10 फरवरी : सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्तियों की स्मृति में कार्यक्रम का आयोजन।