शामली। दो दिन की बरसात ने बिजली की तबीयत बिगाड़ दी। शुक्रवार रात जिले भर में बिजली आपूर्ति बाधित हुई, तो शनिवार को दिन भर ट्रिपिंग के साथ ही अघोषित कटौती होती रही। विद्युत निगम के अधिकारियों के मुताबिक कई स्थान पर विद्युत लाइनों में फाल्ट हुए, जिस कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही।
शुक्रवार शाम को तेज हवा के साथ बरसात हुई। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। रात में करीब पौने 11 बजे शहर में बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। इसके बाद शनिवार को दिन भर बिजली नखरे दिखाती रही। इस कारण लोगों के घरों में इंवर्टर बैटरी भी जवाब दे गए। हालांकि बरसात होने की वजह से मौसम का मिजाज नरम पड़ गया, जिससे गर्मी ने परेशान नहीं किया। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद खेड़ीकरमू बिजलीघर पर तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। बाद में कर्मचारियों को लगाकर खराबी दूर कराकर बिजली आपूर्ति सुचारु करा दी गई। गांव कुड़ाना निवासी राजकुमार, नरेंद्र और मुकेश ने बताया कि शुक्रवार रात भर बिजली नहीं आई। शनिवार दोपहर बाद बिजली आ सकी। इसके अलावा अन्य कई क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई रही।