भाकियू का बिजली दफ्तर पर प्रदर्शन
शामली। भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने किसानों के उत्पीड़न को लेकर बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सामान्य योजना में स्टीमेट के नाम पर अवैध वसूली हो रही है।
भाकियू के प्रदेश सचिव विनोद निर्वाल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को किसान खेड़ीकरमू बिजलीघर स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। विनोद निर्वाल ने कहा कि सामान्य योजना में कनेक्शन के लिए 10,400 रुपये जमा होते हैं, लेकिन किसानों से इसके लिए सुविधा शुल्क वसूला जा रहा है। किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसके अलावा बकाया बिल भुगतान को लेकर किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर भी उत्पीड़न किया जा रहा है। उनकी मांग है कि मामले की जांच कराकर संबंधित बिजली कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर किसानों का शोषण बंद नहीं हुआ, तो भाकियू आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। इस दौरान कृष्णपाल, समरपाल सिंह, अमित, सुभाष, वीरपाल, समरपाल तोमर, किरणपाल, ओमपाल आदि मौजूद रहे।