जलालाबाद (शामली)। जलालाबाद में खाद के गड्ढों के चारों ओर दीवार बनाकर घेरने गए वाल्मीकि समाज के लोगों को नगर पंचायत कर्मचारियों ने पुलिस की मदद से रोक दिया। विजय सिनेमा के सामने करीब दो बीघा भूमि खाद के गड्ढों के रुप में सरकारी रिकार्ड में दर्ज है। पता चला की इस सरकारी भूमि पर वाल्मीकि समाज के लोग खाद के गड्ढों को चारदीवारी कर घेर रहे है तो नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक विनोद शर्मा ब्रह्मपाल आदि पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। हलका लेखपाल ब्रजपाल सिंह को भी मौके पर बुला लिया। वाल्मीकि समाज के लोगों को समझाया की यह सरकारी भूमि खाद के गड्ढों के नाम है। इसको घेरा नहीं जा सकता। उधर, वाल्मीकि समाज के गोविंद राम, शिवकुमार, सुरेश आदि का कहना है कि इस भूमि पर हम कूड़ा करकट खाद आदि डालते है। हमें आस पास के रहने वाले लोग खाद कूड़ा डालने से मना करते है। इसलिए इस खाद डालने की भूूमि की चारदीवारी कर रहे थे। हलका लेखपाल ब्रजपाल ने बताया कि यह भूमि सरकारी और खाद डालने के उपयोग की भूमि है।
आवारा कुत्ते ने युवक को काटा
जलालाबाद। कुरैशी चौक निवासी चौधरी शब्बीर अहमद का पुत्र मोहम्मद आरिफ बाजार से शाम के समय पैदल आ रहा था। जब सड़क ढालान पर पहुुंचा तो गली के मोड़ पर आवारा कुत्ते ने टांग पर काट लिया। परिजन तुरंत उसे सरकारी अस्पताल में ले गए। जहां पर उपचार कर इंजेक्शन लगाकर दवाई दी गई। कस्बे के लोगों का कहना है कि कस्बे में मीट की दुकानें खुली है। जो खुले रुप से मीट बेचते है तथा उसके अवशेष सड़कों पर डाल देते है। जिस कारण आवारा कुत्ते इस तरह की हरकत कर किसी को भी काट लेते है।