छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्वक हुआ मतदान
अफजलगढ़। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के चुनाव में छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान शांतिपूर्ण रहा। कुछ स्थानों पर ईवीएम में आई खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। वोट डालने के लिए बूथों के बाहर मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी रहीं। नए वोटरों ने भी उत्साह से अपने मत का प्रयोग किया। मंगलवार को मतदान सवेरे सात बजे से प्रारंभ हुआ। नगर में नौ बजे तक 11 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ। 11 बजे तक 21 से 24 प्रतिशत मतदान रहा। एक बजे के करीब नगर के बूथों पर मतदान 37 से 39 प्रतिशत रहा। वहीं तीन बजे 48 से 50 प्रतिशत मतदान हुआ। पांच बजे मतदान 60 प्रतिशत तक मतदान हो गया।
बगैर बताए मतदान केंद्र से गायब हो गया शिक्षामित्र
अफजलगढ़। गांव किरतपुर में बूथ संख्या 348 पर मतदान अधिकारी द्वितीय के रूप में ड्यूटी पर तैनात नहटौर ब्लॉक का शिक्षामित्र खेमराज अपने मतदान केंद्र पर तो सोमवार को पोलिंग पार्टियों के साथ पहुंचा। लेकिन सोमवार शाम सात बजे वह मतदान केंद्र से गायब हो गया। जब वह मतदान शुरू होने से पहले बूथ पर नहीं पहुंचा तो अन्य मतदान कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मतदान अधिकारियों की ओर से मामले की सूचना सेेक्टर मजिस्ट्रेट को दी गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट की ओर से गायब हुए मतदान अधिकारी खेमराज के स्थान पर किसी दूसरे शिक्षामित्र को तैैनात कर मतदान प्रक्रिया को सुचारु कराया गया। यह अच्छा हुआ कि मतदान अधिकारी शिक्षामित्र खेमराज अपने साथ चुनाव संबंधी सामग्री लेकर गायब नहीं हुआ। सवेरे सात बजे के करीब पूर्व विधायक और अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रहे शेख सुलेमान ने अपने मत का प्रयोग किया। किरतपुर की सिमरन कौर ने प्रथम बार अपने मत का प्रयोग किया। 98 वर्षीय सायरा बेगम ने भी अपने मत का प्रयोग किया। नगर निवासी देवेश चौहान, रीता चौहान, खुशबू ने मतदान के बाद सेल्फी ली।