बज गया निकाय चुनाव का बिगुल
शामली। नगर निकायों में चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई हैं। अक्तूबर में निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होगी, जिसके बाद नवंबर में चुनाव संपन्न होंगे। जनपद की तीन नगर पालिका और सात नगर पंचायतों में चुनाव होना है। इसको लेकर संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। वहीं, नगर पालिका शामली, कांधला और कैराना में राजनीतिक दलों से प्रत्याशी बनने के लिए भी लोग सक्रिय हो गए हैं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर शामली नगर पालिका का मुकाबला दिलचस्प होगा। हालांकि अभी निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण घोषित नहीं हुआ है। बावजूद इसके पार्टी प्रत्याशी बनने के दावेदार अपनी जुगत भिड़ाने में लगे हुए हैं। गौरतलब है कि पूर्व में हुए सर्वे में शामली नगर पालिका में करीब 50 प्रतिशत से ओबीसी की गणना हुई थी, जिसके चलते ओबीसी वर्ग में आने वाले नेता अपना टिकट पक्का करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। वहीं, शामली में 2012 के चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी, तब शामली नगर पालिका अध्यक्ष पद सामान्य में था। इसके चलते सामान्य जाति के संभावित प्रत्याशी अपनी तैयारी करने में लगे हैं। टिकट को लेकर भाजपा में सबसे ज्यादा मारामारी की स्थिति बनी हुई है। सामान्य में भाजपा से कई नाम चर्चाओं में हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी से भी संभावित प्रत्याशी अपनी अपनी तैयारी करने में लगे हुए हैं। अध्यक्ष पद के अलावा सभासद पद के दावेदारों ने तो दो महीने पूर्व से ही अपने बैनर पोस्टर शहर में लगवाने शुरु कर दिए। इसके अलावा वोटरों को लुभाने के लिए जगह जगह बैठकों का दौर चल रहा है।
कांधला और कैराना में कई धुरंधर आ सकते हैं सामने
नगर निकाय चुनाव में कैराना नगर पालिका परिषद का चुनाव भी दिलचस्प होगा। चर्चा है कि नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हसन परिवार से भी कोई सदस्य मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। अध्यक्ष पद के आरक्षण घोषित होने के बाद यह स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। वहीं, कांधला नगर पालिका परिषद में भी अध्यक्ष पद के दावेदार तैयारी कर रहे हैं।
--- तीन नगर पालिका, सात नगर पंचायत
नगर पालिका परिषद --- शामली, कैराना और कांधला
नगर पंचायत --- बनत, गढ़ीपुख्ता, थानाभवन, जलालाबाद, ऊन, झिंझाना और एलम