मोहल्ला खैल स्थित एक प्लाट में कचरा डाले जाने से आक्रोशित लोगों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ हंगामा कर दिया। अधिशासी अधिकारी ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। फिर मौके पर टीम भेजकर सफाई कराई।
मोहल्ला खैल स्थित एक खाली प्लाट में काफी समय से पालिका प्रशासन के साथ ही कस्बे के कुछ लोगों द्वारा कूड़ा डाला जा रहा है। बस्ती के बीच में कूड़ा डाले जाने पर वहां गंदगी का ढेर लग गया है। लोगों ने तीन दिन पूर्व मामले को लेकर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए डीएम के नाम ज्ञापन दिया था। जिसमें पालिका प्रशासन ने बस्ती के लोगों को 24 घंटे में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। बस्ती वासियों के अनुसार गंदगी के कारण उनका यहां पर रहना मुश्किल हो चुका है। पालिका प्रशासन द्वारा दिया गया समय बीत जाने पर भी इस प्लाट से कूड़ा साफ न कराए जाने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
मंगलवार दोपहर नरेश सैनी, अरुण कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने पालिका में पहुंचकर हंगामा प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और सफाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने सफाई कर्मियों को भेजकर प्लाट से गंदगी उठाने का कार्य शुरू करा दिया। इस दौरान शौकत, दिनेश, राहुल, नफीस, दिलावर, उमेश, राधे, सलमान, आरिफ, अय्यूब, काला आदि लोग मौजूद रहे।
उधर, अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने प्रेस नोट जारी करके बताया कि कस्बे में सार्वजनिक स्थान पर अगर कोई भी पालिका कर्मी या फिर नागरिक कूड़ा डालता पाया जाता है तो कार्रवाई कराई जाएगी। इस बारे में व्हाट्सएप नंबर 8439398146 पर कोई भी नागरिक ऐसे व्यक्ति का फोटो भेज सकता है।