इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति एसएन अग्निहोत्री ने कहा कि शामली जनपद में जिला जज (सेशन) कोर्ट शुरू कराने के लिए हाईकोर्ट भी गंभीर है। न्यायालय भवन और न्यायाधीशों के आवासों के लिए अस्थायी भवन की व्यवस्था होते ही सेशन कोर्ट की स्थापना करा दी जाएगी।
रविवार को हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्याय मूर्ति एसएन अग्निहोत्री शामली पहुंचे। कलक्ट्रेट सभाकक्ष में उन्होंने कैराना बार एसोसिएशन तथा जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ लंबी बातचीत कर सेशन कोर्ट की स्थापना के लिए अस्थायी भवन की उपलब्धता के संबंध में सुझाव मांगे। कैराना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, अधिवक्ता इंतजार अहमद, बीरसैन पंवार, अनिल सिंह, ब्रह्मपाल सिंह चौहान, सरवेज जंग, राशिद अली चौहान, संजय सिंह, महेश कुमार आर्य, संजय भटनागर ने कहा कि कैराना मेें सेशन कोर्ट के संचालन के लिए बहुत कम खर्च पर व्यवस्था बनाई जा सकती है। क्योंकि वहां पहले से न्यायालय भवन स्थित हैं तथा पर्याप्त जगह भी है। इसके अलावा न्यायाधीशों के आवास के लिए भी उपयुक्त जगह मिल जाएगी। ेमांग रखी कि अस्थायी तौर पर जिला जज न्यायालय की स्थापना कैराना में कराई जाए।
इसके बाद जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह, महासचिव सतीश चौहान, जेपी कौशिक, बिजेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, संजय शर्मा, मुकेश गर्ग आदि ने कहा कि जिला जज न्यायालय की स्थापना के लिए शामली में कई उपयुक्त स्थान हैं। जिनमें बाईपास स्थित संगम बारातघर, माजरा रोड स्थित चौधरी चरण सिंह बारातघर सहित न्यायाधीशों के आवास के लिए भी भवन आसानी से मिल जाएंगे। मांग की कि जिला जज न्यायालय का अस्थायी भवनों में जिला मुख्यालय शामली पर ही संचालन कराए जाने से काफी फायदे होंगे। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट बिजेंद्र कुमार ने कहा कि जिला मुख्यालय पर न्यायालय भवन और आवासों के निर्माण के लिए 208 करोड़ रुपये का प्रस्ताव हाईकोर्ट की तरफ से शासन को भेजा गया था, यदि पैरवी की जाए तो शासन से धनराशि अवमुक्त होने पर न्यायालय भवनों का निर्माण शुरू हो सकता है।
इस दौरान प्रशासनिक न्यायमूर्ति एसएन अग्निहोत्री ने कहा कि शामली को जिला बने करीब छह सा हो गए हैं, इसके बावजूद यहां जिला जज न्यायालय की स्थापना नहीं हुई। हाईकोर्ट इस मामले पर गंभीर है और जल्द से जल्द न्यायालय की स्थापना कराने को प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि न्यायालय भवन और आवासों की व्यवस्था होते ही सेशन कोर्ट का शुभारंभ करा दिया जाएगा। इस दौरान जिला जज/ओएसडी राधेश्याम यादव, एसीजेएम आरएस वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गणमान्य लोगों से भी मांगे सुझाव
दोपहर बाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति एसएन अग्निहोत्री ने कलक्ट्रेट सभाकक्ष में गणमान्य लोगों के साथ मीटिंग की। जिसमें जिला जज न्यायालय और आवासों के लिए उपयुक्त भवन उपलब्ध कराने के लिए सुझाव लिए गए। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह, विधायक राजेश्वर बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी, प्रसन्न चौधरी, रिटायर्ड आईजी विजय गर्ग, उद्यमी अशोक बंसल, महेश बंसल, कुलदीप पंवार, सतेंद्र खैवाल, प्रदीप पंवार आदि ने अपने सुझाव रखे। पूर्व चेयरमैन राजेश्वर बंसल ने कहा कि रेलपार स्थित नगर पालिका के संगम बारातघर में सबसे उपयुक्त जगह रहेगी। कुछ लोगों ने मोहल्ला बनखंडी स्थित आरके पीजी कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग का सुझाव रखा। इस पर प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने कहा कि उपयुक्त भवनों का प्रस्ताव बनवाकर भिजवाएं, ताकि जल्दी ही निर्णय लिया जा सके।
उधर, शाम को प्रशासनिक न्यायमूर्ति एसएन अग्निहोत्री ने करनाल रोड स्थित अपनाघर आश्रम में पहुंचकर वहां की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। आश्रम के संचालक राजेश्वर बंसल ने बताया कि सड़कों पर असहाय भटकने वाले लोगों को यहां रखकर उपचार दिलाया जाता है तथा कई लोगों को उनके परिजनों से मिलाया जा चुका है।